मेरठ प्रांत में संघ की सक्रियता पर भागवत ने की चर्चा
मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की मेरठ प्रांत में सक्रियता पर सरसंघ चालक डॉ. मोहन राव भागवत ने क्षेत्र और प्रांत के संघ नेताओं से चर्चा के साथ गंभीर मंथन किया। इस दौरान उन्होंने संघ की शाखाओं को अब तेजी से गांव-गांव तक ले जाने का निर्देश दिया।
सरसंघ चालक शनिवार रात ही शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज पहुंचे थे। रविवार सुबह उन्होंने संघ के कुछ वरिष्ठ नेताओं से वार्ता की। लेकिन किसी भी भाजपा नेता से मुलाकात नहीं की। दोपहर में वह भोजन के लिए शास्त्रीनगर में संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक आनंद प्रकाश अग्रवाल के आवास पर पहुंचे और वहां से सीधे राष्ट्रोदय स्थल पहुंचे। कार्यक्रम के समापन के बाद डॉ. भागवत सीधे माधवकुंज पहुंच गए। रात में उन्होंने क्षेत्र और मेरठ प्रांत के वरिष्ठ संघ पदाधिकारियों से वार्ता कर विशेष रूप से मेरठ प्रांत में संघ की स्थिति को लेकर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार इस दौरान उन्होंने संघ की शाखाआें का और विस्तार करने के निर्देश दिए। कहा कि संघ का जो मूल उद्देश्य है, उसका पालन पूरी तरह हो। किसी भी विवाद में संघ के स्वयंसेवक न आएं, ऐसे स्वयंसेवक तैयार करें।
माहौल अनुकूल है
संघ सूत्रों के अनुसार संघ प्रमुख ने कहा कि माहौल अनुकूल है। ऐसे में हम शाखाओं और स्वयंसेवकों के विस्तार पर पूरी तरह फोकस रखें। लेकिन इस अभियान में संघ अपनी जिस छवि को आज तक कायम रखता आया है, उसी का अनुपालन करे।
खास बातें
- रात में माधवकुंज में राष्ट्रोदय कार्यक्रम को लेकर हुई समीक्षा
- संघ के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुआ मंथन, संघ को गांव-गांव तक ले जाने का दिया निर्देश