मेरठ। सीसीएस यूनिवर्सिटी कैंपस चुनाव 2017 के लिए आज मतदान होगा। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक छात्र वोट डाल सकेंगे। बृहस्पतिवार को इस संबंध में बैठक हुई। इसमें प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के अलावा चुनाव में लगे शिक्षक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
चुनाव अधिकारी प्रोफेसर हरे कृष्णा ने बताया कि मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतगणना अपराह्न 3 बजे से शुरू की जाएगी। शाम 6 बजे चुनाव परिणाम जारी किया जाएगा। इसके तुरंत बाद शपथ दिलाई जाएगी। विवि में कुल 3446 छात्र वोटर हैं। इसमें 1188 महिला वोटर हैं और 2258 पुरुष वोटर हैं। मतदान के लिए 7 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर 450 से 500 छात्र वोट डाल सकेंगे। विभागवार छात्रों को किस बूथ पर वोट डालना है इसकी सूचना विवि के मुख्य द्वार से लेकर मतदान स्थल तक कई स्थानों पर होर्डिंग के रूप में चस्पा की जाएगी। बताया कि मतदान स्थल पर एजेंट ही रहेंगे। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने कहा कि यह विद्या का मंदिर है। हमारी प्राथमिकता शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराना है। विवि में किसी भी बाहरी तत्वों को अवांछित कार्य नहीं करने दिया जाएगा। प्रोफेसर जितेंद्र ढाका, प्रति कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर वाई विमला ने भी विचार रखे।