मेरठ। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का सोमनाथ मंदिर में गैर हिंदू रजिस्टर पर हस्ताक्षर का मामला गरमा गया है। पार्टी नेता जहां राहुल गांधी को जनेऊधारी हिंदू बताकर भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, इस मामले में राहुल गांधी की फजीहत कराने के पीछे मेरठ निवासी एवं पार्टी के ज्वाइंट मीडिया को-आर्डिनेटर मनोज त्यागी का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि गुजरात में पार्टी के प्रचार में लगे मनोज त्यागी ने ही राहुल गांधी एवं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल का नाम मंदिर के गैर हिंदू विजिटर रजिस्टर में लिखा था। दर्शन करके लौटे राहुल गांधी एवं अहमद पटेल ने रजिस्टर में लिखे गए अपने-अपने नामों के सामने हस्ताक्षर कर दिए। सूत्रों के अनुसार रजिस्टर में राहुल गांधी के सामने जी शब्द लिखा गया है। इससे साबित हो रहा है कि राहुल गांधी ने अपना नाम स्वयं नहीं लिखा, बल्कि पहले ही उनका नाम लिखा जा चुका था। फिलहाल मामला सुर्खियों में आने पर भाजपा ने इसे कैश किया तो पार्टी बैकफुट पर आती दिखाई दी। देर शाम तक पार्टी प्रवक्ता इसका खंडन करने के साथ राहुल गांधी को जनेऊधारी हिंदू बताते रहे। विभिन्न मौकों की जनेऊ के साथ उनकी फोटो भी वायरल की। मामले में पार्टी की तरफ से मनोज त्यागी पर कार्रवाई की चर्चा दिनभर चलती रही, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। मनोज त्यागी ने भी फोन रिसीव नहीं किया। प्रभारी जिलाध्यक्ष विनोद मोघा ने बताया कि उन्हें प्रकरण की तो जानकारी मिली है, लेकिन कार्रवाई के बारे में उनके पास कोई पत्र नहीं आया है।
मुख्य बातें
ज्वाइंट मीडिया को-आर्डिनेटर मनोज त्यागी ने गैर हिंदू रजिस्टर पर लिखा था राहुल एवं अहमद पटेल का नाम