मेरठ। सात बिजलीघरों के लाइनमैनों की हड़ताल का असर बिजली आपूर्ति पर होने लगा है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए लगाए गए कर्मचारी फाल्ट ढूंढने में देरी कर रहे हैं। फाल्ट देरी से अटैंड होने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताली कर्मियों ने सोमवार तक मांग नहीं माने जाने पर पूरे जिले के लाइनमैनों के हड़ताल पर चले जाने की चेतावनी दी है।
नगरीय विद्युत वितरण खंड तृतीय में कार्यरत संविदा कंप्यूटर आपरेटरों को सेवा से बाहर करने पर खंड अंतर्गत आने वाले सात बिजलीघरों के करीब 80 संविदा लाइनमैन बृहस्पतिवार से हड़ताल पर चल रहे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए अधिशासी अभियंता ने ठेकेदार से लाइनमैनों का इंतजाम कराया है, लेकिन इन्हें क्षेत्र का भौगोलिक ज्ञान नहीं होने से फाल्ट ढूंढने और उसे अटैंड करने में दिक्कत हो रही है। इसका खामियाजा लोगों को बिजली कट के रूप में झेलना पड़ रहा है। रविवार को लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, हापुड़ रोड और नौचंदी बिजलीघर क्षेत्र में कई जगह फाल्ट हुए। इसके चलते लोगों को तीन से चार घंटे कट का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ हड़ताली कर्मचारियों ने सोमवार तक मांगे नहीं माने जाने पर पूरे जनपद के लाइनमैनों के हड़ताल पर चले जाने की चेतावनी दे रखी है। सोमवार को हड़ताली लाइनमैन ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन कर अधिकारियों को अपनी मांगों से अवगत कराएंगे।