कल से घर-घर तलाश किए जाएंगे टीबी के मरीज
मेरठ। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोग अब घर-घर टीबी के मरीजों की तलाश करेंगे। चार से 18 अगस्त तक प्रदेशभर में सक्रिय क्षय रोग खोज कार्यक्रम चलाया जाएगा। अभियान का नाम ‘टीबी-फ्री इंडिया’ है।
स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर टीबी से जुड़ी जानकारी देंगे। अगर किसी मरीज में बीमारी के लक्षण मिलते हैं तो उसका सैंपल लेकर जांच कराएंगे। अभियान के ब्रांड एंबेसडर अमिताभ बच्चन हैं। उनका बड़े कटआउट वाला बैनर सीएमओ कार्यालय में लगाया गया है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि टीबी के लक्षण दिखते ही स्वास्थ्यकर्मी को जरूर बताएं। उन्होंने बताया कि दो हफ्ते से लगातार खांसी, बुखार, वजन में लगातार गिरावट, भूख न लगना और रात में पसीना आदि टीबी के लक्षण हो सकते हैं।