क्षेत्र के गांव सिंभालका में रविवार की रात चावल और दाल खाने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की सेहत बिगड़ गई। परिवार के सदस्यों की तबियत खराब होने पर परिवार के अन्य लोग काफी चिंतित हो उठे। उन्हें उपचार के लिए शामली सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
शामली क्षेत्र के गांव सिंभालका निवासी फेरू पुत्र मंगल के यहां रविवार रात दाल और चावल बना था। चावल-दाल को फेरू सहित परिवार के ही मुकेश, निशा पत्नी कपिल, रीतू ने खाए। भोजन करने के थोड़ी देर बाद ही अचानक सभी लोगों की सेहत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टियां शुरू हो गई। एक साथ चार लोगों की हालत खराब होने पर अन्य परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। घर में परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ने पर अफरातफरी का आलम हो गया। परिवार के सदस्य काफी घबरा गए। परिजनों ने सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हो गया। चिकित्सकों के मुताबिक रात के समय दाल-चावल खाने से सभी लोगों की हालत खराब हुई है। उपचार के बाद सभी की सेहत में सुधार है।