शहर में पटाखों की बिक्री के लिए कुल 13 स्थान चिह्नित किये गये हैं। बुधवार को इनकी बिक्री के लिए लाइसेंस प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले दिन फायर विभाग में कुल 40 आवेदन पहुंचे। इनमें चार आवेदन शहरी और बाकी देहात क्षेत्र के रहे। विभाग ने हर आवेदक को बिक्री के संबंध में गाइड लाइन उपलब्ध कराई।
आतिशबाजी बिक्री के लाइसेंस के लिए आवेदक को एडीएम सिटी कार्यालय में आवेदन पत्र जमा करना होगा। कुल चार प्रति में आवेदन पत्र जमा होगा। इसमें आवेदक को गत वर्ष के लाइसेंस की छाया प्रति संलग्न करने के सा अपनी आईडी उपलब्ध करानी होगी। एक प्रति एडीएम कार्यालय में रहेगी। जबकि अन्य तीन प्रति में संबंधित थाना पुलिस, फायर ऑफिस और सिटी मजिस्ट्रेट/एसडीएम अपनी रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। प्रशासन की ओर से बिक्री के लिए चिह्नित स्थान कोतवाली थाना क्षेत्र में जीमखाना मैदान, सदर बाजार क्षेत्र में भैसाली मैदान और नेंसी रोड के किनारे पर, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में साकेत पार्क और सूरजकुंड पार्क की बाउंड्री मैदान, नौचंदी थाना क्षेत्र में नौचंदी मैदान स्थित पटेल मंडप, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में सेक्टर-1 माधवपुरम निकट बिजलीघर खाली स्थान, टीपीनगर थाना क्षेत्र में रामलीला ग्राउंड दिल्ली रोड, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में ग्राम दांतल को जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे, रेलवे रोड थाना क्षेत्र में जैन नगर के आगे स्टेशन रोड पर खुला मैदान, लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एसएसडी ब्वायज कॉलेज के सामने खुले मैदान में और मेडिकल थाना क्षेत्र में शास्त्रीनगर ए-ब्लॉक स्थित शास्त्री पार्क हैं।
वर्जन -
आतिशबाजी के लिए लाइसेंस प्रक्रिया शुरू हो गई है। फायर विभाग के पास पहले दिन 40 आवेदन पत्र पहुंचे। पूरी गंभीरता के साथ निरीक्षण कराने के बाद ही अनुमति दी जाएगी। -अजय कुमार शर्मा, सीएफओ