झगड़े के दौरान वाहिद पक्ष की फायरिंग में राहगीर को लगी थी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव जसड़ सुल्ताननगर में युवती के साथ अभद्रता करने के बाद दो पक्षों में हुई फायरिंग और पथराव के मामले में पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बीते शुक्रवार को रात करीब 8:00 बजे इस्लामुद्दीन के परिजन के साथ वाहिद पक्ष द्वारा अभद्रता की गई थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। झगड़े के दौरान वाहिद पक्ष ने फायरिंग कर दी थी। इस बीच एक गोली रास्ते से गुजर रहे हिमांशु पुत्र ईश्वर को लग गई थी। गोली लगने से हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया था।
फायरिंग की सूचना पर सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने सरूरपुर व सरधना थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण किया था। मौके से पुलिस ने दोनों पक्षों के 13 आरोपियों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने अपनी ओर से यासीन, हसीन, फिरोज, तहसीन, जुल्फिकार उर्फ जुल्लू, इस्लामुद्दीन, अशरफ अली, अखलाक, एहसान, जनाब अली, इरफान, इमरान व हासिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूछताछ के बाद सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों पास से एक तमंचा, कारतूस व लाठी-डंडे बरामद किए हैं। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। गांव पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।