दुष्कर्म के मामले में फैसले का दबाव बनाने वाले जेल भेजे
मवाना। एक गांव निवासी किशोरी ने लगभग एक माह पूर्व थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें नौकरी लगवाने के नाम पर हरिद्वार, मथुरा आदि ले जाकर दुष्कर्म करने तथा लाखों रुपये ऐंठने का दो महिलाओं समेत पांच लोगों पर आरोप लगाया। इस मामले मेें शनिवार रात आरोपी फैसले के लिए दवाब बनाने पीड़ित के घर पहुंचे तथा धमकी देने लगे। पुलिस इसकी जानकारी पाकर पहुंच गई तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें रविवार को जेल भिजवा दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग ने अप्रैल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें कहा कि वह नाबालिग तथा गरीब है। उसके पिता ऑटो चलाते हैं। वह पढ़ने के लिए मवाना के पास गांव स्थित एक इंटर कॉलेज में जाती थी। इस दौरान गांव का ही युवक उसे मिला तथा उसकी नौकरी लगवाने की बात कही। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर नौकरी लगवाने के नाम पर हरिद्वार ले गया। वहां होटल में उससे दुष्कर्म किया। उसने किसी से नहीं बताने तथा जल्द नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
दो माह बाद आरोपी फिर उसे मिला तथा उसे अपने घर ले गया। अपने माता-पिता से कहा कि वह इस लड़की की नौकरी लगवा रहा है तथा इससे शादी करेगा। जिस पर आरोपी के परिजनों ने सहमति जता दी। वह आरोपी तथा उसके परिजनों के झांसे में आ गई। इसके बाद आरोपी उसे आगरा एवं जोनपुर ले गया। वहां भी उससे दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं उससे एक लाख 80 हजार रुपये भी ले लिये। हालांकि बाद में आरोपी उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। जिस पर वे बीती आठ अप्रैल को थाने पहुंचे। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। आरोपी शनिवार रात कई लोगों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे तथा फैसला करने के लिए दबाव बनाने लगे। जिस पर पीड़ित ने थाने को जानकारी दी। इसकी जानकारी पाकर पहुंची पुलिस आरोपी के नामजद भाई अंकित एवं पिता राकेश को गिरफ्तार कर ले आई। वहीं, थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। अन्य को भी शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।