सीसीएसयू से जुड़े कॉलेजों में 10 मई से होंगे प्रवेश
छात्र-छात्राओं को कैंपस-कॉलेजों में कई नए कोर्सों में प्रवेश का मिलेगा मौका
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि से संबद्ध कॉलेजों में 10 मई से प्रवेश की तैयारी विवि प्रशासन ने की है। इस बार छात्र-छात्राओं को कैंपस-कॉलेजों में कई नए कोर्सों में प्रवेश का मौका मिलेगा। इनमें बीकॉम-एलएलबी और बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स जैसे कोर्स शामिल हैं।
12वीं में यूपी बोर्ड और सीबीएसई का रिजल्ट जारी हो चुका है। ऐसे में सीसीएसयू ने मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में एडेड-राजकीय और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में ग्रेजुएशन कोर्सों में एक लाख 15 हजार से ज्यादा सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विवि प्रशासन ने 10 मई से रजिस्ट्रेशन की तैयारी की है। इसमें पहले एडेड कॉलेजों में बीए, बीएससी और बीकॉम के प्रवेश लिए जाएंगे। इसके बाद सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में प्रवेश होंगे। इस बार कैंपस में बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स की शुरुआत हो रही है। पांच वर्षीय-बीकॉम एलएलबी भी कई कॉलेजों में शुरू हो चुका है।
सीसीएसयू के 66 एडेड कॉलेजों में बीए की 22 हजार और सेल्फ फाइनेंस में 44 हजार सीटें हैं। बीकॉम में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 4600 और सेल्फ फाइनेंस में 22 हजार सीटें हैं। बीएससी में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 9463 और सेल्फ फाइनेंस में 13 हजार सीटें हैं। बीएससी एजी में एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में करीब 17 सौ सीटें हैं। 12वीं के बाद पांच वर्षीय बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी में छह हजार से ज्यादा सीटें हैं।
एकेडमिक काउंसिल की बैठक आज
सीसीएसयू कैंपस में सोमवार को एकेडमिक काउंसिल की बैठक होगी। बैठक में इस बार से कैंपस में शुरू हो गए एमफिल टॉक्सीलॉजी, एमबीए डिजास्टर मैनेजमेंट और बीए ऑनर्स इकॉनोमिक्स कोर्स पर मुहर लगेगी। इसी सत्र से इनमें प्रवेश शुरू हो जाएंगे। पीएचडी के नए आर्डीनेंस पर भी बैठक में फैसला लिया जाएगा।