घुड़चढ़ी में हर्ष फायरिंग, बच्ची की आंख में गोली लगी
- गंभीर हालत में बच्ची अस्पताल में भर्ती, दूल्हे का चाचा नामजद
- जानी थाना क्षेत्र के कलंजरी गांव में हुई सरेशाम घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ/जानीखुर्द। पाबंदी लगने के बावजूद भी हर्ष फायरिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग में रविवार शाम पांच साल की बच्ची की आंख में गोली लग गई। जिसके बाद खलबली मच गई। लोगों ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी है। दूल्हे के चाचा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मामला जानी थानाक्षेत्र के कलंजरी गांव का है। गांव निवासी तप्पन पुत्र रवि का रविवार को विवाह था। बारात गांव सतवाई जानी थी। शाम को गांव में घुड़चढ़ी की रस्म की जा रही थी। इस दौरान कुछ युवक हर्ष फायरिंग कर रहे थे। घुड़चढ़ी गांव के अनुसूचित जाति के सोनू के घर के पास पहुंची। इस दौरान एक युवक की बंदूक से निकली गोली घर के बाहर खड़ी सोनू की बेटी रिया (5) की आंख में लग गई। गोली लगने से रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। रिया पक्ष के लोगों ने घुड़चढ़ी में शामिल लोगों को घेर लिया। दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। मौके पर पहुंची जानी पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। वहीं, घायल रिया को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद नाजुक बताई है।
उधर, दूल्हा भी कुछ परिजनों के साथ बरात लेकर गांव से निकल गया। देर रात तक गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात था। इंस्पेक्टर जानी बृजेश शर्मा ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपियों को पता लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर दूल्हे के चाचा रानू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी हुई है। गोली अवैध असलहे से चलना बताया गया है।
गोली लगते ही बारात को घेरा
हर्ष फायरिंग में बच्ची को गोली लगने पर गुस्साए पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोगों ने बारात में शामिल लोगों को घेर लिया। दोनों पक्ष में टकराव के हालात बन गए। बारातियों की घेराबंदी होने की सूचना पर दूल्हे पक्ष से सैकड़ों लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों को समझाया गया। पुलिस ने आरोपियों पर मजबूत कार्रवाई करने की बात कहीं, तब जाकर बरात को वहां से निकाला गया।
ताबड़तोड़ चल रही थीं गोलियां
घुड़चढ़ी के लोग लोग बेखौफ होकर ताबड़तोड़ गोलियां चला रहे थे। हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद भी हर्ष फायरिंग का सिलसिला बंद नहीं हो रहा। लोगों को फायरिंग करते ग्रामीणों ने ऐतराज भी किया था। लेकिन कई लोग अवैध असलहे ले रहे थे। जिसके चलते किसी ने उनके सामने बोलने की जहमत नहीं उठाई। बच्ची को गोली लगने के बाद लाइसेंसी धारी भी वहां से भाग निकले।
कई लोगों की जा चुकी जान
हर्ष फायरिंग में कई लोगों की पहले जान जा चुकी है। पुलिस पर सख्ती से कार्रवाई करने और हर्ष फायरिंग पर शिकंजा कसने के लिए कोर्ट के आदेश है। इसके बावजूद भी बरात, बर्थडे पार्टी और अन्य मौकों पर लोग गोलियां चलाने से बाज नहीं आते। वारदात के बाद पुलिस लकीर पीटती रहती है। कलंजरी गांव के मामले में भी पुलिस लीपापोती करने में जुटी है।