जले कपड़ों से की पिता के शव की पहचान
- पुलिस का कारनामा, भटकती रही बेटी, पुलिस ने नहीं सुनी थी
- हत्या कर शव जलाया, लावारिस में हो चुका है अंतिम संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। एक सप्ताह पहले लावारिस में मिला शव ट्रक चालक नानकचंद निवासी पटियाला का निकला। मंगलवार को बेटी ने अपने पिता के जले हुए कपड़ों से पहचान की तो बिलख पड़ी। हालांकि पुलिस चार दिन पहले ही शव का लावारिस में अंतिम संस्कार कर चुकी है।
इंस्पेक्टर परतापुर तपेश्वर सागर के मुताबिक 26 मार्च को एनएच-58 पर जली हालत में एक व्यक्ति का शव मिला था। मंगलवार को पूजा नाम की युवती थाने पहुंची। जले कपड़ों से उसने शव की पहचान अपने पिता नानकचंद के रूप में की। उसके बाद पूजा एसएसपी ऑफिस पहुंची और घटनास्थल देखने की गुहार लगाई। जहां से पुलिस युवती को लेकर घटनास्थल पर पहुंची। पूजा ने हत्या कर शव को जलाने का अंदेशा जताया। उसकी शिकायत पर परतापुर पुलिस ने ट्रक मालिक छोटा राय माजरा पटियाला निवासी विक्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूजा की तहरीर के मुताबिक उसके पिता काफी समय से विक्रम के ट्रक पर चालक थे और 16 मार्च को ट्रक लेकर मेरठ आए थे।
पुलिस पर लगाए आरोप
पूजा ने परतापुर पुलिस पर आरोप लगाया है। उसने कहा कि वह तीन दिन से थाने के चक्कर काट रही थी। लेकिन पुलिस ने उसके पिता की पहचान से संबंध कोई वस्तु नहीं दिखाई। ट्रक मालिक से भी पुलिस ठीक से पूछताछ नहीं कर पा रही है। जिसको लेकर पूजा ने पुलिस के प्रति नाराजगी जताई है। वह पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत करेगी।