मेरठ। लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सामान्य प्रेक्षक डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता एवं पुलिस प्रेक्षक केसर खालिद ने दिशा निर्देश जारी किए। कहा कि निर्वाचन के दौरान जिले में होने वाली हर सभा की वीडियोग्राफी कराते हुए बड़े स्तर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाएं। मताधिकार से जहां कोई मतदाता वंचित न रहे, वहीं निर्वाचन कार्य में जिन कार्मिकों की ड्यूटी लगायी गयी है, उनको बैलेट पेपर आदि के माध्यम से मतदान अवश्य कराया जाए।
बचत भवन सभागार में नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि क्रिटिकल एवं वल्नरेबिल बूथों पर विशेष सुरक्षा के साथ वेबकास्टिंग कराएं। मजिस्ट्रेटों एवं मतदान कार्मिकों को प्रैक्टीकल आधार पर प्रशिक्षण दें। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल ढींगरा से कहा कि मतदान से 48 घंटे पूर्व संपूर्ण क्षेत्र में प्रचार प्रसार बंद कराने की कार्ययोजना बना लें। सभी विधानसभाओं में एक आधुनिक बूथ बनाएं। जहां बेहतर सफाई व्यवस्था और मतदाताओं को सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ हर प्रकार की जानकारी के लिए साइन बोर्ड लगाएं। पुलिस प्रेक्षक केसर खालिद ने कहा कि जो भी मतदान की गरिमा प्रभावित करे, उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें। सभी थाना क्षेत्रों में लाइसेंसी शस्त्र अवश्य जमा करा लें। जिले की सीमाओं पर चेकिंग की जाए। बैठक में सीडीओ आर्यका अखौरी, एडीएम प्रशासन रामचंद्र, वित्त सुभाष चंद्र प्रजापति, सिटी महेशचंद्र शर्मा, न्यायिक प्रविणा अग्रवाल, एलए ज्ञानेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. राजकुमार, नगरायुक्त मनोज चौहान, पीडी भानू प्रताप सिंह, डीडीओ डीएन तिवारी आदि मौजूद रहे।