छह मरीजों की सेहत सुधरी, अस्पताल से छुट्टी
मेरठ। सहारनपुर जिले में हुए शराब कांड में छह और मरीजों की हालत में सुधार हुआ है। इन छह लोगों को मेडिकल इमरजेंसी से मंगलवार को छुट्टी दे दी गई। अब मेडिकल में 10 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें पांच वार्डों में भर्ती हैं और पांच का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। इनमें से पांच और मरीजों की एक-दो दिन में छुट्टी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिन मरीजों की मंगलवार को छुट्टी की गई है, उनमें धर्म सिंह (40) निवासी सहानरपुर, नीरज (60) निवासी बड़गांव, लीलू (60) निवासी बुद्धनगर, सुभाष (40) निवासी सलेमपुर, अशोक (40) निवासी कैलाशपुर और अरुण (28) निवासी सलेमपुर हैं। इनसे पहले सोमवार को जहरीली शराब पीने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती दो मरीजों की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई थी। इनमें जगतु और ओमी थे। सीएमएस डॉ. धीरज राज ने बताया कि जिन मरीजों की आंखों में परेशानी है, उन्हें नेत्र रोग विशेषज्ञ और प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि एक-दो दिन में और भी मरीजों की छुट्टी हो जाएगी।
सहारनपुर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों से प्रदेशभर में हड़कंप मच गया था। इनमें से 42 मरीजों को मेडिकल इमरजेंसी लाया गया था। एक मरीज यहां से भाग गया था। छह मरीज मृत हालत में लाए गए थे, जबकि 17 की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। अब तक आठ की छुट्टी हो चुकी है। चिकित्सकों का मानना है कि इस तरह की शराब में मिथाइल अल्कोहल की मात्रा ज्यादा होती है, जिस कारण इसे पीने वाले का नर्वस सिस्टम निष्क्रिय हो जाता है। अगर समय से इलाज न मिले तो जान जाने का खतरा रहता है।
खास बातें:
सहारनपुर शराब कांड
अब 10 मरीजों का चल रहा इलाज, पांच वार्डों में और पांच ट्रॉमा सेंटर में भर्ती