सड़कों के किनारे पड़ी गंदगी को कौन करेगा साफ
मेरठ। शहर में नगर निगम ने भले ही ढलाव घरों से कूड़ा उठाना शुरू कर दिया हो, लेकिन सड़कों के किनारे अभी भी कूड़े के ढेर लगे हैं। यह कूड़ा बकरीद से पहले से ही पड़ा हुआ है। लेकिन नगर निगम कर्मचारियों ने इस कूड़े को उठाना गवारा नहीं समझा। बताया जा रहा है कि इस कूड़े को उठाने वाली गाड़ी के चालकों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चलवाई जा रही हैं।
महानगर में तैनात सभी सरकारी प्राइवेट सफाई कर्मचारी गलियों से कूड़ा उठाकर ढलाव घरों पर डालते हैं। जिस कूड़े को ढलाव घरों से गाड़ियों से उठाया जाता है। पिछले 20 दिन से शहर में कूड़े को लेकर रार चल रही है। गांवड़ी में कूड़ा डाले जाने का विरोध चल रहा है। कभी हापुड़ रोड तो कभी खाली प्लाटों में कूड़ा डाला गया। बकरीद के दौरान चार-पांच दिन तक कूड़ा न उठने के कारण ढलाव घर भी भर गए गए थे। जिसके कारण प्राइवेट कर्मचारी और जनता ने सड़कों के किनारे ही कूड़ा डालना शुरू कर दिया। इस कारण दिल्ली रोड, खत्ता रोड, बागपत रोड, रोहटा रोड, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, कचहरी रोड, फूलबाग कालोनी रोड आदि सड़कों पर अभी भी कूड़ा पड़ा है।
सत्यवीर ने नगर विकास मंत्री के सामने उठाया मुद्दा
फोटो
मेरठ। गांवड़ी में डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा डाला जाने से परेशान ग्रामीणों की समस्या से किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी ने नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को अवगत कराया। विधायक ने कहा कि शहर का कूड़ा गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड पर डाला जा रहा है। जिसके कारण गांवडी और पड़ौसी गांव भावनपुर, पचपेडा, मेदपुर आदि गांवों के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इसको लेकर ग्रामीण आए दिन आंदोलन कर रहे हैं। यह क्षेत्र की बड़ी समस्या बन गई है। कूड़े के निस्तारण के लिए प्लांट लगाया जाना चाहिए। नगर विकास मंत्री ने शीघ्र ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।