सौभाग्य योजना को अब लगेंगे पंख
मेरठ। धीमी गति से चल रही प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य) को पंख लगाने के लिए पीवीवीएनएल ने विश्व विख्यात कंपनी एल एंड टी के साथ हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने लेटर आफ इंडेंट पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।
पीवीवीएनएल एमडी आशुतोष निरंजन ने बताया कि कंपनी को दो कलस्टरों में बांटा गया है। कलस्टर-1 में मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़ को रखा गया है। कलस्टर-2 में सहारनपुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली है। मंगलवार को एल एंड टी के प्रोजेक्ट मैनेजर लक्ष्मी नारायण मोहंती को लेटर आफ इंडेंट इस आशय के साथ हस्तगत किया गया है कि कंपनी पूरी ईमानदारी के साथ डिस्काम के अंतिम घर तक बिजली पहुंचाकर रोशन करेगी। दोनों कलस्टरों में 8 लाख 11 हजार हाउस होल्ड को सौभाग्य योजना से कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा बिजली चोरी रोकने के लिए कंपनी 3768 किलोमीटर एरियल बंच कंडक्टर डालेगी। साथ ही 33/11 केवी के 17 बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि भी की जाएगी। एमडी ने बताया कि मंगलवार को सभी जनपदों में 391 मेगा कैंपों का आयोजन किया गया। जिसमें 3121 नए कनेक्शन दिए गए।
खास बातें:
पीवीवीएनएल ने एल एंड टी कंपनी के साथ समझौता
कंपनी देगी 8 लाख 11 हजार कनेक्शन