शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो युवती को पीटा
मेरठ। टीपी नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर युवती पर हमला बोल दिया। युवती के परिजनों के अनुसार दो दिन पूर्व एक युवक शराब के नशे में उनके घर में घुस गया था। उसके दो साथी भी साथ थे। उस वक्त वे घर में नहीं थे। उनकी दो बेटी घर में थीं। नशे में धुत युवक ने उनकी 17 वर्षीय बड़ी बेटी से शादी करने का दबाव बनाया। उसने मना कर दिया। इस पर युवक और उसके साथियों ने बेटी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बेटी पर ब्लेड से वार किए गए। छोटी बेटी ने शोर मचाया तो उसे भी पीटा। परिजनों का कहना है कि उन्होंने उसी दिन पुलिस ने शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को भाजपा नेता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। एसओ टीपी नगर ब्रजेश कुमार ने बताया कि शादी का दबाव बनाने जैसा कोई मामला नहीं आया है। लड़की से छेड़खानी और मारपीट की शिकायत आई है। मामला दर्ज कर लिया गया है।