मेरठ। लखनऊ कंट्रोल द्वारा रविवार को दो घंटे की इमरजेंसी रोस्टिंग कराई गई। सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा लोकल कटौती ने भी दिनभर झटके दिए। कई बिजलीघर क्षेत्रों में दोपहर और शाम को भी बिजली गुल रही।
बिजली की मांग में इजाफा होने के साथ ही जनरेशन प्लांटों में बिजली उत्पादन में कमी होने लगी है। रविवार को इसका प्रभाव उस समय देखा गया जब लखनऊ कंट्रोल ने करीब दो महीने बाद सुबह 9 बजे से लेकर पूर्वाह्न 11 बजे तक दो घंटे की इमरजेंसी रोस्टिंग कराई गई। लखनऊ से कोड मिलते ही 220 मोदीपुरम ट्रांसमिशन, शताब्दी नगर, परतापुर और मेडिकल ट्रांसमिशन से बिजलीघरों को दी जा रही आपूर्ति ठप कर दी गई। दो घंटे तक बिजली नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी हुई। 11 बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। रोस्टिंग के अलावा भी कई बिजलीघर क्षेत्रों में लोकल कटौती कराई गई। 33 केवी माधवपुरम, मोहकमपुर, रामलीला ग्राउंड, लेडीज पार्क, एमईएस, टाउन हाल, शारदा रोड, विकास पुरी, लिसाड़ी गेट, लिसाड़ी रोड, नौचंदी और हापुड़ रोड आदि क्षेत्रों में दोपहर और शाम को बिजली काटी गई। अधीक्षण अभियंता शहर संजय अग्रवाल ने बताया कि लखनऊ कंट्रोल से रोस्टिंग का कोड आने के चलते दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। दोपहर में कुछ इलाकों में फाल्ट होने का असर पड़ा था।
खास बात
सुबह 9 बजे से 11 बजे तक की गई इमरजेंसी रोस्टिंग, लोकल कट से भी हुई परेशानी