प्रमुख सचिव पर 25 हजार रुपये जुर्माना
सहारनपुर। राज्य सूचना आयुक्त सैयद हैदर अब्बास रिजवी ने प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ उत्तर प्रदेश पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। दरअसल, सहारनपुर के हकीकतनगर निवासी रामफल सिंह चौहान ने जेवी जैन कॉलेज सहारनपुर के अल्पंसख्यक संस्था होने के संबंध में सूचना का अधिकार कानून के तहत कुछ जानकारी प्रमुख सचिव से चाही थी। आरोप है कि उन्होंने सूचना नहीं दी। इसके बाद राज्य सूचना आयुक्त ने मामले की सुनवाई की, जिसमें प्रमुख सचिव पर जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना राशि उनके वेतन से वसूली जाएगी।
कॉलेज के भीतर छात्राओं में भय का माहौल
सहारनपुर। अभिभावकों ने नगर के एक महाविद्यालय पर छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, अभिभावक डीएम से शिकायत करने कलक्ट्रेट भी पहुंचे थे। उनका आरोप है कि कॉलेज का माहौल बेहद खराब है, जहां छात्राएं अपने आपको असुरक्षित महसूस करती हैं। इसी वजह से अनेक छात्राओं ने कॉलेज आना बंद कर दिया है। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन माहौल सुधारने की बजाय कम उपस्थिति का बहाना बनाकर सैकड़ों विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने से रोक रहा है। पीड़ितों ने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल कराए जाने की मांग की।