महापौर पद पर आप प्रत्याशी नीलम राठौर का पर्चा निरस्त
मेरठ। नगर निगम चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के तहत मंगलवार को दाखिल हुए पर्चों की जांच की गई। इसमें महापौर पद पर आम आदमी प्रत्याशी नीलम राठौर सहित पार्षद पद के दो दावेदारों के पर्चे कमियों के चलते खारिज कर दिए गए। अब महापौर पद के लिए 8 और पार्षद पर पर 865 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
निगम चुनाव के लिए नौ दिन तक चली नामांकन प्रक्रिया में महापौर पद 9 और पार्षद पद पर 90 वार्डों से 867 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। मंगलवार को सभी निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने कक्ष में प्रस्तुत किए गए नामांकन पत्रों की वार्ड वार जांच की। इसमें महापौर पद पर आम आदमी प्रत्याशी नीलम राठौर का पर्चा न्यूनतम आयु की अर्हता पूर्ण न करने के कारण निरस्त कर दिया गया। महापौर पद के साथ ही नगर पालिक और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए न्यूनतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए, जबकि नीलम राठौर की आयु 25 वर्ष है।
इनके अलावा नगर निगम के 90 वार्डों में भरे गये 867 नामांकन पत्रों की जांच के बाद निवर्तमान पार्षद और भाजपा से बागी होकर वार्ड सात से दावेदार सहंसरपाल तथा वार्ड 90 से गुलिस्तां का पर्चा खारिज कर दिया गया। उपजिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने बताया कि सहंसरपाल चार साल के सजायाफ्ता हैं। आपत्तिकर्ता के साक्ष्यों पर पर्चा निरस्त कर दिया गया। वहीं गुलिस्ता का पर्चा उसके प्रस्तावक का दूसरे वार्ड का मतदाता होने के कारण खारिज कर दिया गया।
इसके अलावा वार्ड 24 से सविता पत्नी सुभाष के नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा गया कि उनके ऊपर मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन नामांकन पत्र में कोई मुकदमा दर्ज न होने की बात कहते हुए सत्य छिपाया गया है। वहीं ऐसी ही आपत्ति वार्ड 3 से बसपा प्रत्याशी राजकुमार के खिलाफ लगाई गई है। जिसमें दूसरे प्रत्याशी पारस राहुल ने कहा कि राजकुमार पर पांच मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन नामांकन में उसने यह बात छिपाई है। दोनों ही प्रत्याशियों से इसका जवाब मांगा गया है।
9 नवंबर को होगी स्थिति स्पष्ट
नामांकन पत्र जमा करने और जांच के बाद अब 9 नवंबर को वापसी का दिन है। बृहस्पतिवार तीन बजे तक प्रत्याशी अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। ऐसे में बृहस्पतिवार शाम को महापौर और पार्षद पद पर अंतिम प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और 10 नवंबर को सभी को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए जाएंगे।
खास बात
महापौर पद पर न्यूनतम आयु 30 वर्ष से कम आयु के कारण हुआ पर्चा खारिज
पार्षद पद पर सहंसरपाल सहित दो के पर्चे निरस्त, नाम वापसी के बाद होगी तस्वीर साफ