मेरठ। सीसीएस यूनिवर्सिटी के सामने बुधवार शाम कार की टक्कर से पॉलीटेक्निक के छात्र की मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर रुप से घायल हो गया। दोनों दोस्त बाइक से घर लौट रहे थे।
मुंडाली क्षेत्र अंतर्गत नंगला कबूलपुर निवासी अजय तोमर (21) पुत्र जेपी सिंह मवाना रोड स्थित जेपी इंस्टीट्यूट में पॉलीटेक्निक का छात्र था। शाम को अजय अपने दोस्त दिनेश के साथ बाइक से घर लौट रहा था। सीसीएसयू के सामने पीछे से आई एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिस पर बाइक असंतुलित हो गई और दोनों छात्र सड़क पर जा गिरे। बताया गया कि अजय का सिर डिवाइडर पर लोहे की नुकीली धातु से टकराया था। जिसके चलते अजय की मौके पर मौत हो गई। चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग दोनों युवकों को निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अजय के जेब से मिले मोबाइल से कॉल कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
हेलमेट होता तो बच जाती जान
लोगों का कहना है कि दोनों छात्रों पर हेलमेट नहीं था। अजय का सिर डिवाइडर से टकराया था। अगर अजय ने हेलमेट लगाया होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। क्योंकि उसके सिर में चोट लगने के कारण ही उसकी मौत हुई है।