मेडिकल कर्मचारी व फार्मासिस्ट 20 से हड़ताल पर
मेरठ। मेडिकल कर्मचारी एसोसिएशन के महामंत्री और डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन ने 20 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने शुक्रवार को प्राचार्या, सीएमएस और लखनऊ कार्यालय को पत्र लिखा है।
मेडिकल कर्मचारी एसोसिएशन के महामंत्री कपिल प्रताप राणा ने बताया कि उनकी मांग कर्मचारी हित में है। इनमें मुख्यत: कर्मचारियों के खंडहर आवासों का उद्धारीकरण, मेडिकल में एमआरआई, सिटी स्कैन आदि की सुविधा में देरी न होने सहित अन्य मांगे शामिल हैं। बता दें कि मेडिकल में करीब 480 कर्मचारी हैं, जो समस्त विभागों में कार्यरत हैं। वहीं डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मेडिकल में गैस, फिनाइल व दवाई वितरण का चार्ज फार्मासिस्ट को दिलाया जाए। आपातकालीन विभाग में फार्मासिस्ट ड्यूटी कक्ष में 24 घंटे सेवाओं के लिए 4 अटैंडेंट उपलब्ध कराएं जाएं। इसके अलावा भी कई मांगे उनकी पूरी नहीं हो रही हैं। अनिश्चित कालीन हड़ताल के दौरान औषधि भंडार, वितरण केंद्र, आपातकालीन सेवाएं पूर्ण रूप से बंद की जाएंगी। हड़ताल दोपहर दो से पांच बजे तक होगी। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्रपाल सिंह, रविंद्र कुमार मंत्री, बीजी गोस्वामी, सुंदरलाल, अजय भारद्वाज, वीके गुप्ता, बचन सिंह रजवार, कपिल प्रताप राणा, अखिलेश वर्मा और हरभजन सिंह आदि मौजूद रहे।
खास बात
मांगों को लेकर प्राचार्या, सीएमएस व लखनऊ कार्यालय को लिखा पत्र