अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
रामलीला कमेटी बदलते परिवेश के मद्देनजर दर्शकों को आकर्षित करने के लिए प्रतिवर्ष नई प्रस्तुति लेकर आती हैं। इसके लिए समितियां आयोजन पर चालीस से नब्बे लाख रुपये तक खर्च करती हैं। हाल के वर्षों में लोगों का रुझान रामलीला के प्रति खासा बढ़ा है। इसके चलते रामलीला कमेटियों ने दिल्ली, मथुरा और मुंबई के प्रमुख मंचन केंद्रों के कलाकारों को आमंत्रित किया है। वहीं, स्थानीय कलाकारों ने भी प्रस्तुति के लिए नई रणनीति तैयार की है। ऐसे में दोनों के बीच दिलचस्प प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
एलईडी स्टेज पर दिखेंगे टीवी कलाकार
छावनी रामलीला कमेटी ने दर्शकों की मांग के दृष्टिगत अत्याधुनिक एलईडी स्टेज का निर्माण कराया है। इस पर श्रीरामलीला के लाइव मंचन का प्रतिबिंब दिखेगा। वहीं, मंचन के लिए दिल्ली के श्रीराम केंद्र के कलाकारों को आमंत्रित किया है। कमेटी के महामंत्री गणेश अग्रवाल के अनुसार श्रीराम कला केंद्र के प्रमुख कलाकार इस वर्ष खास आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं, समिति ने रावण के पात्र को भी बदला है।
दीपक नृत्य का रहेगा आकर्षण
शहर रामलीला कमेटी आकर्षण बनाए रखने के लिए श्रीरामलीला मंचन के दौरान धार्मिक नृत्य कार्यक्रम का भी आयोजन कराएगी। कमेटी पदाधिकारी जितेंद्र मणि और मनोज अग्रवाल ने बताया कि श्रीरामलीला मंचन के दौरान कलाकारों द्वारा 550 दीप के साथ नृत्य एवं मयूर नृत्य का आयोजन किया जाएगा। वहीं, बाबा मनोहर नाथ मंदिर एवं रामलीला कमेटी पदाधिकारी महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर गुरु मां नीलिमानंद जी महाराज के अनुसार गणेश रामलीला मंडल भी आकर्षक प्रस्तुति देगा।
पांच से बढ़कर बीस फीट की हो जाएगी ताड़का
रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों के लिए ताड़का, अहिरावण, मेघनाद वध सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र रहता है। इसके चलते रामलीला कमेटी की रजबन बाजार में ताड़का वध प्रसंग को एक नया रूप देने की योजना है। कमेटी पदाधिकारी राजेश यादव, सतीश यादव और सुनील कन्नौजिया के अनुसार टीवी की तर्ज पर इस बार पांच फीट की ताड़का का युद्ध करते समय आकार बढ़कर बीस फीट का हो जाएगा। वहीं, लाइट और साउंड लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मुख्य बातें
लाइट एंड साउंड के मुताबिक बढ़ेगा पात्रों का कद
रामलीला में दिखेंगी मुंबई और दिल्ली की परंपराएं