संगीत सोम को स्वाइन फ्लू की पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
भाजपा विधायक संगीत सोम को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उन्हें कौशांबी गाजियाबाद स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा तीन अन्य को भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुुई है। उधर मेडिकल कालेज में स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक महिला की शुक्रवार को मौत हो गई।
गत दिवस तेज खांसी, बुखार और जुकाम के चलते सरधना विधायक संगीत सोम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पीए शेखर ने बताया कि गत दिवस उनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को आ गई। इसमें विधायक को स्वाइन फ्लू की पुष्टि सीएमओ मेरठ डा. राजकुमार के जरिए हुई है। हालांकि उनकी तबीयत में अब सुधार बताया जा रहा है। उधर, तीन अन्य मरीजों को भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि शुक्रवार को हो गई। सीएमओ के मुताबिक स्वाइन फ्लू से पीड़ित करनाल निवासी एक महिला की मेडिकल कालेज में मौत हो गई। बता दें कि मेरठ की लैब में अब तक 28 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 22 लोग मेरठ के ही हैं। उधर, भाजपा नेता कुलदीप तोमर का कहना है कि विधायक संगीत सोम की जांच एक प्राइवेट कंपनी की लैब में कराया गया तो वहां स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई। जबकि मेडिकल कालेज में इसकी पुष्टि हो गई। प्राइवेट लैब पर भी एक्शन होना चाहिए।
खास===
अब तक 28 लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि, करनाल निवासी एक महिला की मौत