मेरठ। सेना भर्ती के दूसरे दिन मौसम मेहरबान रहा। शताब्दीनगर मैदान में शनिवार को ज्यादा तेज बारिश नहीं हुई थी, इससे दौड़ का ट्रैक ज्यादा गीला होने से बच गया। इसका फायदा रविवार सुबह को होने वाली भर्ती में अभ्यर्थियों को मिला। कूल मौसम में नौजवानों ने 1600 मीटर की दौड़ में दमखम दिखाया। रविवार को भर्ती प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से हुई। दोपहर तक टेस्ट पूरे हो गए।
रविवार को बागपत और नोएडा जिले के बड़ौत, खेकड़ा और जेवर के युवाओं की सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, सैनिक लिपिक, स्टोर कीपर और सैनिक ट्रेडमैन पद के लिए भर्ती थी। दोनों जिले के 12500 युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 6611 फिजिकल फिटनेस टेस्ट देने पहुंचे। अधिकांश अभ्यर्थी 1600 मीटर की दौड़ में बाहर हो गए। चिनअप, नौ फुट लंबी कूद, जिगजैग बैलेंसिंग के बाद मेडिकल टेस्ट के लिए 556 अभ्यर्थी बचे। मेडिकल टेस्ट भी साथ हो रहा है। रविवार की भर्ती में अभ्यर्थियों का मौसम ने साथ दिया। धूप और उमस नहीं थी। दौड़ लगाने में आसानी रही। शनिवार की भर्ती में भीड़ उमड़ने और कई बार लाठी फटकारने से सबक लेते हुए सेना ने शुरूआत से सख्ती बरती। दर्शक मैदान से दूर खड़े रहे। पहले दिन हुई गलतियों को सुधारा गया।
ज्यादा दौड़ लगाना, चेस्ट कर रहा कम
1600 मीटर दौड़ के बाद चेस्ट की नाप में सबसे अधिक अभ्यर्थी बाहर हो रहे हैं। भर्ती निदेशक कर्नल रजनीश मेहता का कहना है युवा दौड़ लगाने में पूरा दमखम लगा देते हैं। बीम और दौड़ पर उनका पूरा फोकस रहता है। ज्यादा दौड़ लगाने और डाइट पर ध्यान नहीं देने की वजह से चेस्ट कम रह जाती है। जितना दौड़ पर ध्यान दिया जाता है, उतना चेस्ट पर भी दें। फिजिकल फिटनेस में पहले दौड़ होती है।
बड़ा भाई रह गया, छोटे ने मारी बाजी
भर्ती में परिवार से कई-कई युवा भाग लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे बहुत से केस हैं कि दो सगे भाई टेस्ट देने पहुंचे। छोटों ने बाजी मार ली, बड़े रह गए। कमाला गांव से अमित और अंकित सगे भाई भर्ती में दौड़े। छोटे भाई अंकित ने दौड़ में बाजी मारी। फिजिकल फिटनेस टेस्ट पास कर लिया। अमित ने बताया कि वह दो भर्ती साथ दे चुके हैं। खुशी है कि भाई आगे निकल गया। कमाला गांव से एक और सगे भाई सोनू और सुशील भाग लेने पहुंचे। सोनू अब तक 15 भर्ती देख चुका है। छोटे भाई सुशील की यह दूसरी भर्ती थी। सुशील ने फिजिकल में बाजी मार ली। बड़े भाई से आगे निकल गया। सोनू का कहना है वह साथ में प्रैक्टिस करते हैं। भाई की रफ्तार अच्छी रही।
एनर्जी बढ़ाने वाले दवाओं का इस्तेमाल
भर्ती में कुछ युवा एनर्जी बढ़ाने वाली दवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। मैदान के आसपास सिरिंज मिल रही हैं। भर्ती में आने वाले युवा मेडिकल स्टोर से शक्तिवर्द्धक दवा खरीदने भी पहुंच रहे हैं।
आज की भर्ती
सोमवार को हापुड़ और नोएडा जिले के गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और दादरी तहसील के युवाओं की सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, सैनिक लिपिक, स्टोर कीपर और सैनिक ट्रेडमैन पद के लिए भर्ती होगी।