संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे के डी-ब्लॉक में किराना व्यापारी हरीश के घर दिनदहाड़े 12 लाख रुपये की नकदी और आठ तोला सोना चोरी हो गया था। घटना के 36 घंटे बाद भी पुलिस इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।
बुधवार को तीन बाइक सवार बदमाश व्यापारी के मकान में घुसे थे। उन्होंने नकदी और सोने के आभूषण चुराए और फरार हो गए। पुलिस और फॉरेंसिक दल ने मौके पर जांच शुरू की। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाली। हालांकि, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का दावा है कि जांच महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आगे बढ़ रही है और जल्द खुलासा होगा। इस चोरी से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस की तीन टीम वारदात के खुलासे में लगी है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।