किसानों ने लगाया बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
- लाखों रुपये के नुकसान की आशंका, लाइन बदलने का मिला आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। ब्लॉक माछरा क्षेत्र के गांव हसनपुर कलां के जंगलों में मंगलवार शाम करीब 4:00 बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। तार टूटने से निकली चिंगारी के कारण किसानों के गन्ने के खेतों में आग लग गई। आग पर काबू पाने से पहले ही गन्ने की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ।
इस घटना में किसान शेखर पंडित की आठ बीघा, राजीव कुमार और कृष्णपाल की भी दो-दो बीघा गन्ने की फसल आग की चपेट में आ गई। कुल मिलाकर 12 बीघा गन्ने की फसल जलकर बर्बाद हो गई। किसानों ने घटना के बाद बिजली निगम के खिलाफ गहरी नाराजगी व्यक्त की। पीड़ित शेखर पंडित ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली घर के जेई से तारों को बदलवाने की लिखित शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, केवल आश्वासन दिया गया। शेखर ने बताया कि लोहे के तार बिजली चालू रहने पर गर्म होकर ढीले पड़ जाते थे, जिससे टूटने का खतरा बना रहता था। राजीव कुमार और कृष्णपाल ने भी एल्युमीनियम के तार लगवाने की मांग की थी, जिसे बिजली विभाग ने अनदेखा किया, जिससे आज उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
हसनपुर कलां बिजली घर के जेई राजेश कुमार ने बताया कि किसानों को जल्द ही लाइन बदलवाने का आश्वासन दिया है। अगले एक-दो दिन में ही लाइन बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
नुकसान का आकलन किया
घटना की सूचना मिलने पर लेखपाल अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की जली हुई फसल से हुए नुकसान का आकलन किया। आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज भी तैयार किए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी ताकि नियमानुसार कार्रवाई हो सके। किसानों को प्रशासन की रिपोर्ट और मुआवजे की कार्रवाई का इंतजार है।