नाम में न हो गड़बड़ी, इसलिए लागू किया नियम
मेरठ। माध्यमिक शिक्षा परिषद के छात्र-छात्राओं के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र और सह प्रमाणपत्र में नाम या माता-पिता के नाम में अंतर न हो इसकी कवायद की जा रही है। इसके तहत इस साल से 11वीं का रजिस्ट्रेशन 10वीं के रोल नंबर से करने का प्रयोग शुरू किया गया है।
इस साल हाईस्कूल की परीक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं के 11वीं में अग्रिम पंजीकरण के लिए सिर्फ 10वीं का रोल नंबर ऑनलाइन फॉर्म में भरना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि ऐसा करने पर बच्चे का पूरा विवरण जैसे नाम, माता-पिता का नाम (हिंदी व अंग्रेजी) आदि अपने आप आ जाएगा। उसके बाद प्रधानाचार्यों को विद्यार्थी द्वारा सिर्फ 11वीं में लिए गए विषय और फीस आदि का ही ब्योरा अलग से भरना होगा। वहीं कक्षा 9 और 11 के ऑनलाइन पंजीकरण की रफ्तार बहुत धीमी है। पिछले साल की अपेक्षा अब तक 50 फीसदी छात्रों ने भी अगले साल होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण नहीं कराया है। यही वजह है कि कम संख्या में पंजीकरण देखते हुए यूपी बोर्ड ने तिथि बढ़ाकर 21 सितंबर कर दी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की वजह से स्कूल पिछले चार महीने से बंद है। इस वजह से पंजीकरण कम हो रहे हैं। हालांकि विभाग को उम्मीद है कि 15 अगस्त के बाद पंजीकरण बढ़ेंगे।