युवती से छेड़छाड़ के विरोध में थाने में हंगामा
मवाना। कस्बे में एक युवक द्वारा युवती से छेड़छाड़ की तथा शनिवार रात साथियों के साथ घर में घुसकर तमंचे से परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
कस्बा निवासी युवक ने थाने में तहरीर देकर मोहल्ले के ही एक युवक पर आरोप लगाया कि वह उसकी बहन से छेड़छाड़ करता है। इस संबंध में उनकी बहन ने कई बार घर आकर बताया। युवक शनिवार शाम करीब आठ बजे आरोपी तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ युवती के घर पहुंचा। उन्होंने मुंह पर कपड़ा ढक रखा था। उन्होंने जातिसूचक शब्द कहते हुए तमंचा दिखाकर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी तथा कहा कि उन्होंने कई मर्डर कर रखे हैं। पुलिस को जानकारी देने पर आरोपी फरार हो गए। जिससे पूरा परिवार भयभीत है।
इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज विहिप एवं बजरंग दल कार्यकर्ता पीड़ित के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर हंगामा किया। काफी देर तक हंगामा चलने के बाद थाना प्रभारी संजय कुमार द्वारा आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने का आश्वासन देने पर कार्यकर्ता शांत हुए। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि शनिवार रात पीड़ित पक्ष के ही कुछ लोगों ने रिपोर्ट दर्ज नहीं करने की बात कही थी। अब रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। घेराव करने वालों में विहिप नेता सौरभ शर्मा, आशु त्यागी, मोनू, आशीष चौधरी, अर्जुन जाटव, आयुष शर्मा काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
पुलिस के साथ गहमागहमी
थाने में उस समय हालात बिगड़ गए जब थाना प्रभारी ने पूछा क्या मामला है। उन्होंने शांति के साथ बात कहने को कहा। इसी दौरान एसएसआई नरेंद्र सिंह ने एक लड़के को थाने से चले जाने को कहा तो कार्यकर्ता बिगड़ गए तथा जमकर पुलिस के साथ गहमागहमी हुई। हालांकि बाद में थाना प्रभारी द्वारा समझा-बुझाकर मामला शांत किया गया।
भाजपा नेता के घर के बाहर से सौर लाइट चोरी
मवाना। भाजपा नेता के घर के बाहर सांसद कोटे से लगी सौर उर्जा लाइट की बैटरी चोर चुरा ले गए। भाजपा नेता ने थाने में तहरीर दी है। वहीं, चोर सीसीटीवी में कैद हो गए। भाजपा के नगर मीडिया प्रभारी राजीव रस्तोगी ने थाने में दी तहरीर में कहा कि उनके घर के बाहर सांसद कोटे से सौर उर्जा लाइट लगी थी। उसकी बैटरी बीती 12 मई की रात को चोरी कर ली। उन्होंने उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, चोर दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। चोर थ्रीव्हीलर में बैटरी चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।