अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। गन्ना क्रय केंद्रों पर लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान तौल लिपिकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि छापेमारी के दौरान गड़बड़ी नहीं मिल सकी।
बताते चलें कि कुछ किसानों ने एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव से क्रय केंद्रों पर घटतौली होने की शिकायत की थी। इस पर एसडीएम ने सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव प्रदीप शर्मा को जांच के आदेश दिए थे। एसडीएम के आदेश पर बुधवार को सहकारी गन्ना विकास समिति के विशेष सचिव प्रदीप शर्मा ने तोफापुर बी, अहमदनगर बढ़ला, खजूरी ए पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तौल लिपिकों में हड़कंप मचा रहा। सचिव प्रदीप शर्मा ने कांटे पर बाट डालकर उन्हें चेक किए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद किसानों से बातचीत भी की और उनकी गन्ने से लदी बुग्गी की अपने सामने तौल कराई। सचिव प्रदीप शर्मा ने बताया कि छापेमारी के दौरान तौल लिपिकों में हड़कंप मचा रहा। हालांकि निरीक्षण में सब कुछ ठीक पाया गया। उन्होंने तौल लिपिकों को घटतौली पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।