चाइनीज मांझे ने खूब किया घायल
मेरठ। चाइनीज मांझे की बिक्री पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक के आदेश दे रखे हैं, जिसके बाद भी बसंत पंचमी पर दुकानों पर चाइनीज मांझे की जमकर बिक्री हुई। दुकानदारों ने चोरी छिपे चाइनीज मांझा ग्राहकों को बेचा। यही कारण रहा मांझे से शहर में कई जगह पक्षी और बाइक सवार घायल हुए। चाट बाजार मेें कबूतर चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। जिसके बाद धीरज ने कबूतर के पंख से चाइनीज मांझा निकाला। खून से लथपथ कबूतर के जख्म पर दवाई लगाई। हापुड़ रोड पर इस्लामाबाद निवासी अब्दुल रहमान के गले मेें चाइनीज मांझा लिपट गया। इससे गर्दन में गहरा जख्म हो गया। पुलिस ने कई दुकानों पर चाइनीज मांझे को लेकर छापेमारी की, लेकिन बिक्री नहीं रुक सकी। दुकानदारों के अनुसार 70 प्रतिशत ग्राहकों ने चाइनीज मांझे की मांग की।