सृजन में दिखाया स्टूडेंट्स ने हुनर
मेरठ कॉलेज में तीन दिवसीय कार्यक्रम सृजन-2019 का शुभारंभ
मेरठ।
मेरठ कॉलेज में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक ऊर्जा एवं गतिविधियों के तीन दिवसीय महाकुंभ सृजन-2019 का सोमवार को शुभारंभ हुआ। पहले दिन आशु भाषण, कोलाज और समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी सिटी रणविजय सिंह रहे। अध्यक्षता मेरठ कॉलेज मैनेजमेंट के सेक्रेट्री सेठ दयानंद गुप्ता ने की।
इस दौरान प्राचार्या डॉ. आभा चंद्रा ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद की संयोजिका डॉ. अलका चौधरी ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को स्वरचित काव्य पाठ और एकल गान प्रतियोगिता मूट कोर्ट हॉल में होगी। बुधवार को वाद विवाद और एकल अभिनय प्रतियोगिता होगी। कार्यक्रम में परिषद् की सदस्य डॉ. नुपूर चटर्जी, डॉ. अनिता मलिक, डॉ. निशा मनीष, डॉ. एसकेएस यादव, डॉ. लवलता, डॉ. अरविंद और डॉ. अशोक शर्मा की अहम भूमिका रही।
ये रहे विजेता
आशु भाषण प्रतियोगिता में एमए सेकेंड ईयर की छात्रा दीपशिखा प्रथम, बीएड सेकेंड ईयर के छात्र अनिल यादव द्वितीय, बीए सेकेंड ईयर की छात्रा अदिति मिश्रा तृतीय और सांत्वना पुरस्कार एमए सेकेंड ईयर की छात्रा प्रिंसी रस्तोगी को मिला। कोलाज प्रतियोगिता में बीएससी बायो की काजल मलिक प्रथम, एमकॉम की छात्रा शिवांगी गुप्ता द्वितीय, बीएसी बायोलॉजी की छात्रा श्रृंखला मानिक तृतीय और सांत्वना पुरस्कार गरिमा राठी को मिला। समूह गान में साइंस फैकल्टी की टीम प्रथम, कॉमर्स फैकल्टी की टीम द्वितीय और सेल्फ फाइनेंस फैकल्टी की टीम को तृतीय पुरस्कार मिला। सांत्वना पुरस्कार आर्ट फैकल्टी ने जीता।