उधारी मांगने पर मारपीट का आरोप
मवाना। चारे के पैसे मांगने पर महिला ने पांच लोगों पर उसे और बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में नामजद तहरीर दी है। गांव खेड़ी मनिहार निवासी महिला प्रीतम ने बताया कि उसने गांव के एक व्यक्ति को चारा बेचा था। जिसके तीन सौ रुपये उधार थे। आज जब वह बेटी को साथ लेकर पैसे मांगने गई तो आरोपी ने अपने चार और साथियों के साथ मिलकर उसके तथा उसकी बेटी के साथ मारपीट की तथा धमकी देकर भगा दिया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। एसएसआई पंकज शर्मा का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
तहसील में किसानों का धरना जारी
मवाना। किसान एकता संघर्ष संगठन द्वारा किसानों की मांगों को लेकर दिया जा रहा धरना सोमवार को भी जारी रहा। गन्ना भुगतान आदि किसानों की मांगों को लेकर किसान एकता संघर्ष संगठन द्वारा पहले गन्ना समिति तथा अब तहसील में धरना दिया जा रहा है। किसानों ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो लोकसभा चुनाव 2019 में किसान बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। धरने में शौकीन गुर्जर, अमित पंवार, देव शर्मा, पवन कुमार, राजेंद्र सिंह, अनेश कुमार, ओमबीर सिंह, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।