बारिश से कैंट में भारी नुकसान, माल रोड भी टूटी
मेरठ। बारिश से कैंट क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। कई जगह सड़कें टूट गई हैं। गांधी पार्क के पास माल रोड भी टूट गई। रजबन में अस्सी फीट गहरी पुलिया चौक होने की वजह से सड़क तोड़कर पानी निकालना पड़ा। बारिश का पानी आर्मी की सीएसडी कैंटीन तक में घुस गया। कैंट बोर्ड की टीम ने पंपसेट से पानी निकाला।
बारिश के चलते कैंट में कई जगहों पर पेड़ गिर गए। शनिवार को कैंट बोर्ड के अफसर और कर्मचारियों ने पूरे क्षेत्र में घूमकर नुकसान का आंकलन किया। लालकुर्ती में पानी भरने से पाइप लाइन धंस गई। वीर बाला पथ और सोफिया के पास वाली सड़क भी पानी भरने से जगह-जगह टूट गई। माल रोड पर कई हिस्से टूट गए हैं। एमएच रोड और शहीद स्मारक रोड का भी बुरा हाल है। रजबन में अस्सी फीट गहरी पुलिया में पानी जमा होने के कारण पूरे इलाके में पानी भरने लगा। टीम ने सड़क को तोड़कर पानी निकाला। इसके अलावा कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचा है।
पंप सेट लगाकर निकाला पानी
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी कैंपस में बारिश का पानी शनिवार को भी भरा रहा। पंप सेट लगाकर बॉटनी विभाग सहित कई जगहों से पानी निकाला गया। इसके अलावा कई पेड़ों के गिरने से 33 हजार केवी की बिजली लाइन टूट गई। जिसके चलते दोपहर तक कैंपस में बिजली की समस्या रही।