दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाया जाएगा। फीडरों के विभक्तिकरण का कार्य दीन दयाल ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को ऑन लाइन शिकायत कर समस्या का समाधान कराने की मांग की थी।
निरपुड़ा गांव के निश्चय राणा, कुणाल राणा, सविता, दीपा, अंशु राणा, मानसी, सुनीता, राजेंद्र सिंह, महक सिंह ने मुख्यमंत्री को ऑन लाइन शिकायत की कि निरपुड़ा में घरों के ऊपर से 440 वोल्ट पॉवर एवं 11 हजारी विद्युत लाइनें गुजरती है। दोनों लाइनों के तार जर्जर हाल में है। कई बार आपस में टकराने से बिजलीघर में मशीनें फुंक चुकी है। विद्युत विभाग को कई बार लाइन को यहां से हटाने की मांग की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। बारिश के मौसम में घरों में करंट दौड़ जाता है। इस कारण कई हादसे भी हो चुके हैं। कई सालों से बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी जा रही है, लेकिन आज तक उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीर से लेकर विद्युुत निगम के अधिकारियों को समस्या समाधान करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता बड़ौत ने ग्रामीणों को पत्र भेजकर ग्रामीणों को अवगत कराया कि नलकूप एवं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग फीडर बनाए जाएंगे। फीडरों का विभक्तिकरण का कार्य दीन दयाल ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत होगा। वर्णित पोषक भी इसी योजना में विभक्त किए जाएंगे।