गन्ना सेंटरों पर छापामारी, स्टाफ के फोन छीने
मेरठ। संयुक्त गन्ना आयुक्त डॉ. वीबी सिंह ने मवाना मिल क्षेत्र के कई गन्ना सेंटरों की जांच की। इस दौरान उन्होंने टीम में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों के फोन जमा करा लिए, ताकि कोई भी चीनी मिल को मुखबिरी न कर सके। इस दौरे से मिल प्रबंधन में हड़कंप मचा रहा।
संयुक्त गन्ना आयुक्त को मेरठ मंडल का नोडल अधिकारी भी बनाया गया है। बृहस्पतिवार को मेरठ पहुंचे डॉ. सिंह ने हापुड़ जिले के सेंटरों को चेक किया था। शुक्रवार को उन्होंने मवाना क्षेत्र के सेंटरों पर छापामारी कर कांटों की जांच की। इससे पहले उन्होंने टीम में शामिल लोगों के मोबाइल फोन अपनी गाड़ी में रखवा लिए। उनके साथ टीम में शामिल उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह ने बताया कि संयुक्त गन्ना आयुक्त ने सेंटरों की जांच के अलावा क्षेत्र में विभाग द्वारा बनाई गई सड़कों, पुलियों आदि का निरीक्षण भी किया। किसानों से गन्ना आपूर्ति, पर्ची आदि के बारे में भी बात की। किसानों के गन्ने का री-सर्वे करके उन्हें रोजाना एक पर्ची मुहैया कराने को कहा ताकि किसान अपना गन्ना तय समय के अंदर आपूर्ति कर सके। उन्होंने चीनी मिलों को बकाया भुगतान करने के भी निर्देश दिए।
खास बातें:
लखनऊ से पहुंचे संयुक्त गन्ना आयुक्त के दौरे से मचा हड़कंप