मेरठ। श्यामनगर रोड स्थित पिलोखड़ी पुल के पास एक आवासीय कॉलोनी पर एमडीए से सील लगा दी। यहां एक पुराना कोल्ड स्टोर था, जिसे यहां से हाजी शौकीन ने खरीद लिया। इसके बाद इस जमीन पर भूखंड काटने शुरू कर दिए। बृहस्पतिवार को एमडीए जोन ए के नोडल अधिकारी नीरज कुमार टीम के साथ यहां पहुंचे और इसके गेट पर सील लगा दी। उधर, यहां कालोनी स्वामी ने कुछ देर बाद ही सील तोड़ डाली और गेट खोल लिया।
इसी कालोनी में बन रहे एक गैराज को भी सील कर दिया गया। यहां गैराज स्वामी वसीम ने हंगामा किया। गैराज स्वामी का कहना था कि उसकी कुछ गाड़ियां भीतर हैं, उन्हें निकालने दिया जाए। बावजूद इसके उसे सील किया गया। उसने आरोप लगाया कि एमडीए अधिकरियों ने सेटिंग से कॉलोनी का एक रास्ता छोड़ा है ताकि अंदर अवैध निर्माण होता रहे। इसके थोड़ा आगे ही हाजी शौकीन द्वारा बनाई गई एक अवैध मार्केट को भी सील किया गया। यहां लोगों ने हंगामा किया। लेकिन पुलिस बल होने के कारण उनकी एक नहीं चली और एमडीए टीम ने अपनी कार्रवाई की। उधर, कोल्ड स्टोर की कॉलोनी के गेट पर लगाई सील को टीम के जाते ही तोड़ दिया गया। जोन ए के प्रभारी करनवीर सिंह का कहना है कि यदि सील तोड़ी गई होगी तो इस पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।