मेरठ। शहर में अनुबंधित बस चालक नियम कायदों को ताक पर रखकर ड्राइविंग करते हैं। पुलिस ने एक चालक को इयरफोन लगाकर अनुबंधित बस चलाते पकड़ लिया। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन में रोडवेज की आठ बसों का चालान कर दिया। एक बस संचालक पुलिस से ही उलझ गया।
दिल्ली रोड पर दौड़ रहीं डग्गामार बसों की धरपकड़ को रेलवे रोड थाना पुलिस ने सोमवार को अभियान चलाया। मेट्रो प्लाजा के पास पुलिस ने अनुबंधित बसों को रोककर चेकिंग शुरू की। एसओ विनोद कुमार के अनुसार रोडवेज से अनुबंधित बसों को विभाग द्वारा अथॉरिटी लेटर दिया जाता है। लेकिन कई बस चालक ये लेटर नहीं दिखा सके। गाड़ी के पूरे कागजात भी नहीं थे। पुलिस ने बसों का चालान काटना शुरू कर दिया। चालकाें के फोन करने पर एक बस संचालक पहुंचा और सफाई देने लगा। उसने वहां से गुजर रही अनुबंधित बसें रुकवानी शुरू की तो पुलिस ने एतराज किया। इसी को लेकर पुलिस ने उसकी बहस हो गई और बाद में वह चला गया। एसओ ने बताया कि आठ बसों का चालान किया गया है। हालांकि इनमें कोई डग्गामार नहीं थी।
मालिक का फोन आ गया था साहब
इयरफोन लगाकर बस चला रहे चालक की एसओ रेलवे रोड ने बस में चढ़कर फोटो लेने की कोशिश की तो उसे लीड कान से निकाल ली। एसओ ने उसे बस से उतारकर खूब नसीहत दी। कहा कि ऐसा करने से दुर्घटना हो सकती है। चालक ने सफाई दी कि बस मालिक का फोन आ गया था इसलिए सुनना पड़ा। एसओ ने बताया कि बस का चालान कर दिया है।