महंगाई बढ़ रही है ,पेंशन भी बढ़े
मेरठ। पीएनबी से रिटायर्ड अफसर रविवार को शहर के वैश्य अनाथालय में जुटे। वहां उन्होंने एक दूसरे के साथ पुरानी यादें ताजा कीं।
पीएनबी रिटायर्ड ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले कार्यक्रम आयोजित किया गया था। खुशीराम मीना ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों की तरह पेंशन समय के साथ अपडेट नहीं की जाती। रिटायरमेंट पर जो पेंशन बनती है पूरे जीवन भर यही चलती रहती है, जबकि महंगाई हर साल बढ़ रही है। उनके बाद रिटायर हो रहे कर्मियों की पेंशन उनसे अधिक होती है। सरकार को उनकी पेंशन भी बढ़ानी चाहिए। संयुक्त सचिव एमएस सांगवान ने कहा कि बैंक के पेंशनर की मृत्यु के बाद उसके परिवार को मिलने वाली पेंशन सरकारी कर्मियों की तरह 30 प्रतिशत की बजाय केवल 15 प्रतिशत ही मिलती है। उन्होंने सरकार से इस तरफ ध्यान देने की अपील की। इस मौके पर संस्था के संरक्षक रघुनाथ राय, वीएस चौधरी, डीके माहेश्वरी, एपीएस त्यागी, बीकेजेन, एमएम रामदास, शीशपाल सिंह, गुलाब सिंह, वीके शर्मा, एचके पाल, अरविंद अग्रवाल भी मौजूद थे।
वेस्ट यूपी यूनिट बनी
सभा में पीएनबी के रिटायर्ड अधिकारियों की वेस्ट यूपी यूनिट भी गठित की गई। एसोसिएशन के सचिव चुने गए एमएस सांगवान के अनुसार मेरठ से बीके जैन को चेयरमैन बनाया गया। कोषाध्यक्ष रमा शर्मा, सदस्य वीपी सिंह, सहारनपुर से अध्यक्ष बीके कमल, सदस्य अरुण गर्ग, मुजफ्फरनगर के सदस्य वाईके जैन, एचपी कुचर, बिजनौर से सदस्य एससी शर्मा और अशोक अग्रवाल को बनाया गया।