मेरठ। महानगर के नालों में भरी सिल्ट की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। महापौर ने बुधवार को घंटाघर नाले का निरीक्षण किया। यहां नाला सिल्ट से भरा देख महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल नाला सफाई और नाले की दीवार बनवाने का निर्देश दिया।
महापौर सुनीता वर्मा ने नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कुंवरसेन को साथ लेकर घंटाघर से ओडियन नाले की तरफ जाने वाले नाले का निरीक्षण किया। नाला सिल्ट और पालीथिन आदि से भरा था। इतना ही नहीं जगह-जगह नाले की दीवार भी टूटी हुई है। जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। इस पर महापौर ने नगरायुक्त को नाले की दीवार का निर्माण कराने का निर्देश दिया। वहीं, नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नाले की सफाई तत्काल शुरू कराने को कहा। उन्होंने कहा कि शहर के सभी नालों की सफाई के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। जिससे बरसात में शहर को जलभराव से निजात मिल सके। महापौर ने कहा कि शहर के प्रत्येक नाले की तली झाड़ सफाई कराई जाए। किसी भी दिन नालों का निरीक्षण किया जा सकता है। वहीं, नगरायुक्त ने नाले की दीवार का निर्माण शुरू करा दिया है। उधर, नाले की सफाई दो दिन के भीतर शुरू कराने का निर्णय किया है।