शास्त्रीनगर में कट बंद होने का काम शुरू
मेरठ। शहर में सड़क हादसों की घटनाओं को रोकने के लिए डिवाइडर के कट बंद होने का काम शुरू हो गया है। शास्त्रीनगर पीवीएस रोड पर एक कट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जबकि अन्य पर भी काम शुरू कर दिया गया है।
शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर अमर उजाला अभियान चला रहा है। सबसे अधिक सड़क हादसे शहर में पीवीएस रोड पर हुए हैं। एसपी ट्रैफिक ने नगर निगम और जिला प्रशासन को पीवीएस रोड, हापुड़ रोड और दिल्ली रोड पर मुख्य चौराहों के कट को छोड़कर अन्य स्थानों पर कट बंद करने के लिए पत्र लिखा था। नगर निगम के अधिकारियों ने कट बंद कराने का काम शुरू कर दिया है। तेजगढ़ी चौराहे से लेकर शास्त्रीनगर पीवीएस रोड पर एल ब्लॉक तिराहे तक मुख्य चौराहों को छोड़कर अन्य सभी कट बंद होने हैं।
पीवीएस रोड पर इलाहाबाद बैंक के सामने कट को पूरी तरह से बंद कर दिया है। तेजगढ़ी के पास पहले कट को भी बंद करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद हापुड़ रोड पर बिजली बंबा चौकी तक भी कट बंद होंगे। हापुड़ रोड के बाद दिल्ली रोड पर कट बंद कराने के लिए नगर निगम के अधिकारी विचार करेंगे। पीवीएस रोड पर तीन माह पहले एक छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे में घायल हुए छात्रा के दादा की भी मौत हो गई थी। एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी का कहना है कि कट बंद होने से आड़े तिरछे वाहन नहीं फंसेंगे। इससे वाहन चालकों को भी सुविधा रहेगी।
खास बात
सड़क हादसों को रोकने के लिए पीवीएस रोड पर बंद किया गया एक कट