मेरठ। पांचवें और आखिरी वनडे में मेरठी भुवनेश्वर कुमार ने अपनी स्विंग गेंदबाजी से श्रीलंका के खिलाड़ियों को चित कर दिया। उनके शानदार प्रदर्शन से मेरठियों को गर्व का एहसास हुआ। गंगानगर में पटाखे चलाकर खुशी मनाई गई। यह पहली बार हुआ है जब भारतीयों ने श्रीलंका को उसी की धरती पर क्लीन स्वीप करके हराया है।
वनडे मैचों की सीरीज के चार मैच जीकर पहले ही सीरीज जीत चुके भारत के सामने रविवार को पांचवें मैच में क्लीन स्वीप करके रिकार्ड बनाने का मौका था। इस मौके को भुवनेश्वर ने बखूबी उठाया। पहले खेलने उतरी श्रीलंका की टीम के पांच विकेट झटके। उनकी तेज स्विंग के सामने श्रीलंकाई चीते बुरी तरह पस्त नजर आए। भुवनेश्वर ने 42 रन देकर पांच विकेट लेकर नया रिकार्ड बनाया। मेरठी भुवनेश्वर के शानदार प्रदर्शन करने और भारत के सीरीज जीतने का जश्न मैच खत्म होते ही शुरू हो गया। भुवनेश्वर के गंगानगर स्थित पर भी खुशियां मनाई गई। कालोनी में पटाखे चलाकर जश्न मनाया गया। मोहल्ले वाले लोगों ने भुवनेश्वर के परिजनों को बधाई दी।