सद्भाव बिगाड़ने वाले किसी जाति के नहीं
मेरठ। किनौनी शुगर मिल प्रकरण की ऑडियो सामने आने और उसमें जाट बिरादरी पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ रहा है। रविवार को जनकपुरी स्थित जाट भवन पर जाट महासभा ने बैठक कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। महासभा के अध्यक्ष चौधरी कल्याण सिंह ने कहा कि जातिगत सद्भाव बिगाड़ने वालों की कोई जाति नहीं होती है। किनौनी शुगर मिल के यूनिट हेड, पुलिस कप्तान और जाट समाज पर अभद्र टिप्पणी कर गोलियां बरसाने वाले अपराधी हैं। कानून को अपना काम करते हुए उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करना चाहिए। मेजर जनरल बीएस पंवार ने कहा कि अपराधियों का उद्देश्य जातियों और आपसी भाईचारे में वैमनस्य पैदा कर राजनीति चमकाना होता है। गजेंद्र सिंह पायल ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और राजनीतिक दलों से सियायत के फायदे के लिए मामले को न उलझाने की अपील की। इस मौके पर रवींद्र मलिक, अमन सिंह, ओमपाल सिंह, कदम सिंह, सतेंद्र पंवार, गजेंद्र नीलकंठ, सुशील ढाका आदि मौजूद रहे।
खास बात
जाट महासभा ने किनौनी प्रकरण के दोषियों को गिरफ्तार कराने की मांग की