नवीन गुप्ता फिर हुए भाजपाई
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता शनिवार को फिर से भाजपाई हो गये। नवीन गुप्ता की भाजपा में आमद से जहां कई सवाल खड़े हो गए हैं तो भाजपाई भी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
नवीन गुप्ता की भाजपा में वापसी को लेकर शुक्रवार को तमाम कयास लगाये जा रहे थे। महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग ने भी दावा किया था कि नवीन गुप्ता की ज्वाइनिंग लखनऊ नहीं बल्कि पार्टी नीति के अनुसार महानगर स्तर पर होगी। लेकिन इन तमाम नीतियों और नियमों को दरकिनार कर डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के नेतृत्व में नवीन गुप्ता और विपुल सिंघल शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रांतीय कार्यालय में फिर से भाजपा में शामिल हो गए।
अहम बात ये है कि भाजपा के तमाम पुराने दिग्गज नेता और जनप्रतिनिधियों का नवीन गुप्ता से छत्तीस का आंकड़ा है। ऐसे में उनकी वापसी को लेकर बहुत कम उम्मीद जताई जा रही थी। भाजपा में शायद ही कोई नेता ऐसा रहा हो, जिससे नवीन गुप्ता की न ठनी हो। ऐसे में कुछ समय पूर्व ही सपा से भाजपा में आई डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने नवीन गुप्ता को भाजपा ज्वाइन कराकर अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी के पुराने धुरंधरों को झटका दे डाला है।
खास बात
प्रांतीय कार्यालय में ज्वाइनिंग की, ठगे रह गये स्थानीय नेता