मेरठ। हॉस्टल में आए दिन छेड़छाड़, मारपीट और फायरिंग की घटनाओं के लेकर बृहस्पतिवार रात एसपी सिटी ने छह थानों की फोर्स और ट्रैफिक पुलिस के साथ आधा दर्जन हॉस्टलों में छापेमारी की। पीएल शर्मा रोड के एक हॉस्टल में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भानु प्रताप समेत आधा दर्जन छात्र नशे की हालत में मिले, जिन्हें थाने भेज दिया गया।
पुलिस टीमों ने वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित त्यागी हॉस्टल में छापा मारा। यहां छात्रों की आईडी चेक कर कमरों की चेकिंग की। उसके बाद पीएल शर्मा रोड के हॉस्टलों में पहुंची। एक हॉस्टल से दो युवकों को आईडी या आईकार्ड न दिखाने पर पकड़ा गया। वहीं, तीन दिन पहले पीएल शर्मा रोड पर फायरिंग करने वाले हॉस्टल के आरोपी छात्र फोर्स आने से पहले ही भाग निकले। महिला थाने की पुलिस ने एक गर्ल्स हॉस्टल में भी छापा मारा।
वार्डन बताकर गुमराह किया
एसपी सिटी के अनुसार त्यागी हॉस्टल के पास एक व्यक्ति ने अपना उपनाम त्यागी और खुद को वार्डन बताया। जिसके बाद अधिकारी उसे साथ लेकर छापामारी करते रहे। बाहरी युवकों के नाम, पता बताकर कई हॉस्टलों में पुलिस को लेकर भी गया। बाद में पता चला कि वह वार्डन नहीं बल्कि एक हॉस्टल चलाता है जो अपने हॉस्टल में फोर्स को नहीं ले गया। एसपी सिटी का कहना है कि उसका असली नाम आरके वर्मा है।
- पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष भी नशे में पकड़ा, पीएल शर्मा रोड के बवाली छात्र फरार