- पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
- महिला के भाई ने हत्या कर शव जलाने की बात कही
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम/कंकखेडा।
जाटौली गांव में एक महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान हंगामा हो गया। महिला के भाई ने कुछ रिश्तेदारों पर हत्या कर शव को जलाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार जाटौली गांव निवासी सुभाष की पत्नी सीमा की मौत के बाद ग्रामीण शव लेकर श्मशान पहुंचे थे। इसी दौरान महिला के भाई ने 100 डॉयल पर बहन की हत्या कर शव जलाने की शिकायत कर दी। सूचना पर सीओ दौराला जितेंद्र सरगम फोर्स के साथ पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि 19 अप्रैल को सुभाष की भांजी की शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए सीमा परिवार के साथ गई थी। वहां से लौटते समय एक्सीडेंट हो गया था। घायल सीमा को परिवार के लोगों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं महिला के भाई का कहना है कि शादी में डीजे को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान रिश्तेदारों ने सीमा पर हमला किया था। घायल सीमा की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने पति समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ दौराला का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।