पीएसके पर सर्वर डाउन, आवेदक परेशान
- सोमवार को सुबह से ही पासपोर्ट सेवा केंद्र पर नहीं हुआ कार्य
- सप्ताह में दो-तीन दिन कार्य ठप रहने से बढ़ रही परेशानी
मेरठ। कैंट स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र परेशानी का सबब बनता जा रहा है। रोजाना आ रही परेशानियों के चलते आवेदकों का यहां से मोहभंग होता जा रहा है। सोमवार को भी पासपोर्ट सेवा केंद्र पर नेट कनेक्टिविटी न आने के कारण आवेदकों की लंबी लाइनें लग गईं। जिससे वहां हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। पासपोर्ट कर्मचारियों ने किसी तरह से आवेदकों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद आवेदक मायूस होकर केंद्र से लौट गए।
सुबह 9 बजे से गायब कनेक्टिविटी
सोमवार को सुबह से ही नेट कनेक्टिविटी गायब रही। इसके बाद पासपोर्ट कर्मचारियों ने भारत संचार निगम लिमिटेड के एसडीओ को पत्र लिखकर समस्या की जानकारी दी। हालांकि, पहले भी लीज लाइन की समस्या से पासपोर्ट सेवा केंद्र पर परेशानी आ चुकी है। यही स्थिति पिछले सोमवार को भी रही थी। सुबह 11 बजे से ही सर्वर ठप रहने के कारण मात्र 15 फाइलों की अप्वाइंटमेंट प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। जिससे आवेदकों ने हंगामा किया था और कुछ लोग घरों को लौट गए थे।
एक साल बाद भी समस्याएं जस की तस
पासपोर्ट सेवा केंद्र को 23 फरवरी को एक साल पूरा हो जाएगा। एक साल के अंदर पीएसके पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा है। एक भी समस्या का निस्तारण तो हुआ नहीं, बल्कि यहां समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। केंद्र पर थ्री-फेज कनेक्शन नहीं लग सका है। इसी वजह से ऑनलाइन यूपीएस डिब्बे में पैक है। कई बार कहने के बावजूद अधिकारियों पर कोई फर्क नहीं है।