मेरठ। सिटी स्टेशन पर अब पहले से दी गई सुविधाएं भी दम तोड़ने लगी है। स्टेशन पर एक साल से खराब पड़े डिजिटल कोच डिस्पले अभी तक सही नहीं हुए थे कि अब यहां लगा डिजिटल घड़ी सिस्टम भी खराब हो गया है। इसके चलते यात्रियों को समय देखने में दिक्कत होने लगी है।
सिटी स्टेशन दिल्ली रेल मंडल के ए श्रेणी स्टेशनों में शुमार होता है। यात्री सुविधा के लिए यहां न केवल रेलवे ने डिजिटल कोच डिस्प्ले सिस्टम को लगाया था बल्कि सभी प्लेटफार्मों पर डिजिटल घड़ी सिस्टम भी लगाया था। इससे यात्रियों को ट्रेनों के आने और जाने का समय देखने में सहूलियत होती थी। डिजिटल घड़ी के समय से ही ट्रेनों का संचालन किया जाता है। लेकिन यहां लगा यह सिस्टम पिछले तीन दिन से ठप पड़ा है। एक भी प्लेटफार्म की घड़ी नहीं चल पा रही है। यात्रियों की नजर घड़ियों पर समय देखने के लिए जाती है। लेकिन बंद होने से उन्हें निराशा हाथ लग रही है। तीन दिन से घड़ियों के खराब होने के बाद भी अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली। इस बारे में स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि सिस्टम खराब होने की सूचना मुख्यालय भेजी गई है। वहां से ही डिजिटल कोच डिस्प्ले और घड़ी सिस्टम ठीक किया जाना है।