मेरठ। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि जो अमन चैन नहीं चाहते, वही जात और धर्म के नाम पर हिंसा करते हैं। ऐसे लोगों की भी एक जमात हैं। वहीं, भाजपा देश की जनता के लिए बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में 1.75 करोड़ लोगों के घरों में अंधेरा है, जिनमें दिसंबर तक उजाला कर दिया जाएगा।
बुढ़ाना गेट स्थित सनातन धर्म धर्मेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचे ऊर्जा मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यूपी की जनता का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री ने सौभाग्य योजना दी। आजादी के बाद से अंधेरे में जी रहे प्रदेश के पौने दो करोड़ लोगों के घरों में इस योजना के माध्यम से रोशनी दी जा रही है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबी और अंधेरा देखा है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य प्रकाश और विकास है इसलिए सभी के लिए काम किए जा रहे हैं। जबकि कांग्रेस के नेताओं में कभी काम करने की इच्छा शक्ति नहीं रही।
राम मंदिर आस्था से जुड़ा
उन्होंने राम मंदिर के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राम मंदिर हमारी आस्था से जुड़ा है। मंदिर वहां है और पूजा चल रही है। अगले माह से कोर्ट में सुनवाई होनी है। भगवान राम के प्रति आस्था रखने वाले लोगों की कामना है कि वहां भव्य मंदिर बने।
जरूरत के हिसाब से लें कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि एनसीआर में नगर निगमों को नो ट्रिपिंग जोन में शामिल करेंगे। सभी उपभोक्ताओं से अपील है कि जितनी बिजली खर्च कर रहे हैं, उतने किलोवॉट का कनेक्शन लें। ताकि हम अपने ट्रांसफार्मर अपडेट कर सकें। कहा कि गाजियाबाद में 400 केवीए का केंद्र बनाया गया है। सभी को पर्याप्त बिजली देने के लिए बिजली चोरी पर प्रतिबंध लगाने और सभी जिलों में बिजली चोरी रोकने के लिए थाने खोले जा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग आदि मौजूद रहे।