मेडिकल में 15 फेल, 14 ने लगाई आपत्ति
मेरठ। यूपी पुलिस की कांस्टेबल भर्ती के लिए पुलिस लाइन में चल रहे मेडिकल में बुधवार को 112 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। जिनमें से छह अनुपस्थित रहे। मेडिकल में 15 अभ्यर्थी जांच में खरे नहीं उतर सके इनमें से 14 अभ्यर्थियों ने आपत्ति दर्ज कर दोबारा मेडिकल कराने की अपील की है।
पुलिस लाइन में मंडलीय चिकित्सा बोर्ड ने अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया। परीक्षा के मंडलीय नोडल अधिकारी एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि दूसरे दिन 112 अभ्यर्थियों को जांच के लिए बुलाया गया था जिसमें से 106 अभ्यर्थी पहुंचे जबकि छह अनुपस्थित रहे। बोर्ड ने जांच के बाद इनमें से 91 को पास किया। इनमें से 14 अभ्यर्थियों ने अपने मेडिकल पर असहमति जताते हुए दोबारा से मेडिकल की अपील की है। एक अभ्यर्थी ने आवेदन नहीं किया। बृहस्पतिवार को 100 लोगों को मेडिकल के लिए बुलाया गया है।
दोबारा होगा मेडिकल
नोडल अधिकारी एसपी क्राइम के अनुसार बुधवार को मेडिकल में असफल जिन अभ्यर्थियों ने दोबारा मेडिकल की अपील की थी उनका दोबारा मेडिकल 20 जून को होगा। मंगलवार को असफल रहे अभ्यर्थियों का मेडिकल 18 जून को कराया जाएगा।
खास बातें:
कांस्टेबल भर्ती : दूसरे दिन 112 अभ्यर्थियों को बुलाया गया, छह रहे अनुपस्थित